अम्बिकापुर, 29 अप्रैल 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सुशासन तिहार-2026 के तहत सरगुजा जिले में एक मई से 10 जून 2026 तक व्यापक स्तर पर 'जन समस्या निवारण शिविर' आयोजित किए जायेंगे। जिला प्रशासन और नगर पालिका निगम अम्बिकापुर ने अलग-अलग स्तर पर शिविरों की तिथियां, स्थान और प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।
जिला प्रशासन के जारी आदेश के अनुसार, कलेक्टर अजीत वसंत ने विकास खंडवार शिविरों की रूपरेखा तय की है। इन शिविरों में आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर निराकरण किया जायेगा, साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन भी लिए जयेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों की शुरुआत एक मई को अम्बिकापुर विकास खंड के बरकेला से होगी, जहां 25 ग्राम पंचायतों के लिए शिविर लगाया जायेगा। इसके बाद लुण्ड्रा, बतौली, उदयपुर, मैनपाट, लखनपुर और सीतापुर विकास खंडों में अलग-अलग तिथियों पर शिविर आयोजित किये जायेंगे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर दर्जनों ग्राम पंचायतों को कवर करते हुए लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर रहेगा।
इसी क्रम में नगरीय क्षेत्र अम्बिकापुर में भी नगर पालिक निगम ने शिविरों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयुक्त डी.एन. कश्यप के आदेशानुसार, चार मई से 15 मई 2026 के बीच शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर लगाये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित