दंतेवाड़ा , मई 01 -- छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित 'सुशासन तिहार 2026' के तहत दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत केशापुर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की 269 से अधिक समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
दंतेवाड़ा विकासखंड के केशापुर में आयोजित इस शिविर में भोगाम, चितालंका, कुपेर, मंगनार, तुड़पारास, डेगलरास, कंवलनार, पण्डेवार, कमालूर, कुन्देली और झिरका सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड और मनरेगा से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का तत्काल समाधान कर दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने इसे सरकार और जनता के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित