गरियाबंद , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के खरहरी गांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर पड़ा। घटना में दो बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर के दौरान कार्यक्रम देखने के लिए कुछ लोग पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान पेड़ अचानक धराशायी हो गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पेड़ पर बैठे तथा आसपास खड़े सात लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों को हाथ-पैर में चोटें आई हैं और कुछ लोगों के फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।
घटना के समय जिला कलेक्टर सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सुशासन तिहार शिविर को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित