दंतेवाड़ा , मई 20 -- छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में सुशासन तिहार 2026 के तहत नगरीय निकाय दंतेवाड़ा द्वारा कतियाररास में बुधवार को समाधान शिविर आयोजित किया गया, जहां पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। प्रशासनिक टीम ने शिविर में उपस्थित नहीं हो पाने वाले हितग्राहियों के घर एवं दुकानों तक पहुंचकर भी कार्ड उपलब्ध कराए।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। पूर्व में आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कर चुके पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही कार्ड सौंपे गए। अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।

कतियाररास निवासी जय कुमार ने बताया कि उन्होंने पूर्व में आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया था और सुशासन तिहार समाधान शिविर के माध्यम से उन्हें कार्ड प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि अब जरूरत पड़ने पर परिवार को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में उपस्थित नहीं हो पाने वाले कुछ हितग्राहियों तक स्वयं पहुंचकर उनके घरों और दुकानों में आयुष्मान कार्ड वितरित किये। हितग्राहियों ने इसे शासन की जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और शासन गांव एवं वार्ड स्तर तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित