जगदलपुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद खान ने सोवार को राज्य सरकार से मांग की कि सुशासन तिहार के दौरान धान बेचने से वंचित दो लाख 41 हजार 657 किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार या तो इन सभी किसानों का धान खरीदी सुनिश्चित करे या फिर उनके सोसायटी ऋण माफ करने की व्यवस्था बनाए।

श्री खान ने कहा कि प्रदेश में कुल 27 लाख 53 हजार पंजीकृत किसान हैं, जिनमें से इस वर्ष 25 लाख 11 हजार किसानों ने ही धान बेच पाया, जबकि लगभग दो लाख 41 हजार 657 किसान धान बिक्री से वंचित रह गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था, लेकिन केवल लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की ही खरीदी हो सकी, जिससे लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया।

उन्होंने कहा कि धान नहीं बिक पाने के कारण बड़ी संख्या में किसान आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ में दब गए हैं। किसानों को खेती के लिए सोसायटी से ऋण लेना पड़ता है और खाद-बीज भी उधार में लेना पड़ता है, लेकिन उपज की बिक्री नहीं होने से वे कर्ज चुकाने में असमर्थ हो जाते हैं।

श्री खान ने कहा कि सुशासन तिहार में सरकार जनता की समस्याओं के समाधान का दावा कर रही है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या बने लगभग ढाई लाख किसानों की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह किसानों के साथ विश्वासघात और वादाखिलाफी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि सुशासन तिहार के तहत धान बेचने से वंचित किसानों की समस्या को प्राथमिकता में शामिल किया जाए और या तो उनका पूरा धान खरीदा जाए या उनके कृषि ऋण माफ किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित