रायपुर , जून 02 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत मंगलवार को बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कोण्डापल्ली गांव पहुंचकर जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है। सरकार स्वयं गांव-गांव पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
जनचौपाल के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड तथा किसान हितग्राही योजनाओं सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से चर्चा कर योजनाओं के प्रभाव और क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी है, जब जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर उसका लाभ पहुंचे।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
नक्सल प्रभावित इस सुदूर क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित