पटना , अप्रैल 29 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने बुधवार को कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार ने 'न्याय के साथ विकास' का जो ऐतिहासिक और अनुकरणीय मॉडल स्थापित किया है, उस गौरवशाली विरासत को नई ऊर्जा और नई दिशा देने के उद्देश्य से निशांत कुमार की आगामी जनयात्रा प्रारंभ होने जा रही है।
श्रीमती अंजुम आरा ने आज बयान जारी करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से आज तक नीतीश कुमार ने बिहार को बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकालकर सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का राष्ट्रीय उदाहरण बनाया है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कानून-व्यवस्था के क्षेत्रों में हुए व्यापक परिवर्तन ने बिहार की नई पहचान गढ़ी है। शराबबंदी, दहेज प्रथा उन्मूलन, बाल विवाह विरोध अभियान, हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, जीविका योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड तथा सात निश्चय जैसी योजनाओं ने बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है।
जदयू नेता ने कहा कि 'नीतीश माॅडल' किसी एक व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने वाली एक सशक्त विचारधारा है। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ निशांत कुमार बिहार की जनता के बीच जाएंगे। उनका स्पष्ट उद्देश्य है-पिता के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाना तथा नए बिहार के सपने को साकार करना।उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास की जो मजबूत नींव रखी है, उस पर आगे की मंजिल तय करना नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है। श्री निशांत कुमार शिक्षा, तकनीक, युवाओं की आकांक्षाओं की समझ, सामाजिक न्याय की परंपरा तथा आधुनिक विकासवादी सोच के संगम का प्रतिनिधित्व करते हैं।
श्रीमती अंजुम आरा ने कहा कि यह यात्रा श्री नीतीश कुमार के 'न्याय के साथ विकास' और 'सुशासन' के मंत्र को जन-जन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार श्री नीतीश कुमार ने न्याय यात्रा, विकास यात्रा, समाधान यात्रा जैसी ऐतिहासिक यात्राओं के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित कर बिहार की दिशा और दशा बदली, उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री निशांत कुमार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे तथा सुशासन के लाभों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का काम करेंगे।
जदयू नेता ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और युवा नेतृत्व को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार ने जो गौरव हासिल किया है, उसे अक्षुण्ण बनाए रखने तथा युवाओं के नेतृत्व में राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में यह यात्रा मील का पत्थर साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित