सुल्तानपुर लोधी , जनवरी 23 -- राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल और सिविल सर्जन डॉ संजीव भगत ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाये जाने की प्रक्रिया सुल्तानपुर लोधी स्थित पवित्र वेईं के नजदीक नर्मल कुटिया से शुरू की।
संत सीचेवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गयी यह स्वास्थ्य बीमा योजना पंजाबवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि यह योजना स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं कई विकसित देशों में भी उपलब्ध नहीं हैं, जैसी सुविधाएं पंजाब सरकार ने अपने नागरिकों को प्रदान की हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि इस कार्ड के माध्यम से गंभीर बीमारियों का इलाज संभव है और पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों तथा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
कपूरथला सिविल अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. संजीव भगत ने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच के कारण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा।
डॉ भगत ने कहा कि यह योजना सभी वर्गों के लिए लाभकारी है, जिसमें सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। इस योजना के तहत किसी भी प्रकार का आय प्रमाण पत्र आवश्यक नहीं है, तथा पहले से बीमार व्यक्तियों का इलाज भी इस बीमा कार्ड के माध्यम से संभव होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित