मधुबनी , अप्रैल 29 -- बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के असामयिक निधन पर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक, योगेंद्र कुमार मधुबनी स्थित दिवंगत अधिकारी के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी पत्नी शालू कुमारी एवं अन्य शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया।

जिलाधिकारी ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं अत्यंत समर्पित अधिकारी थे। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया, जिसका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के आलोक में दिवंगत अधिकारी की पत्नी शालू कुमारी को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया।

दिवंगत अधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि इस कठिन घड़ी में जिला प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित