कानपुर , अगस्त 18 -- केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय के तत्वावधान में क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय), कानपुर के हस्तक्षेप और सुलह प्रयासों से एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (एडब्ल्यूईआईएल) के अंतर्गत कानपुर स्थित आयुध कारखाने के 423 संविदा श्रमिकों से जुड़ा वेतन विवाद सुलझा लिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार सुलह प्रक्रिया के परिणामस्वरूप ठेकेदार मेसर्स इमेंस मैनपावर प्राइवेट लिमिटेड ने 13 अगस्त 2026 को जून और जुलाई 2026 के बकाया वेतन के रूप में 423 श्रमिकों को लगभग 50 लाख रुपये का भुगतान किया।
क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार का मई 2026 का लंबित बिल भी प्रधान नियोक्ता द्वारा जारी कर दिया गया, जिससे वेतन भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिली और श्रमिकों को समय पर उनका भुगतान सुनिश्चित हो सका।
श्रम विभाग के समयबद्ध हस्तक्षेप और प्रभावी सुलह प्रयासों के चलते आयुध कारखाने में श्रमिकों के एक समूह द्वारा प्रस्तावित हड़ताल और प्रदर्शन को भी टाल दिया गया। इससे औद्योगिक कार्यों में संभावित व्यवधान रोका जा सका तथा प्रतिष्ठान में औद्योगिक शांति और सौहार्द बनाए रखने में सफलता मिली।
सुलह वार्ता के दौरान प्रबंधन को श्रमिक कल्याण, सेवा शर्तों तथा श्रम कानूनों के अनुपालन से जुड़े वैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही रचनात्मक संवाद के माध्यम से बेहतर औद्योगिक संबंध बनाए रखने और कल्याणकारी उपायों को समय पर लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
प्रबंधन ने श्रमिकों के कल्याण और श्रम कानूनों के अनुपालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित