सुलतानपुर , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की अखण्डनगर थाना पुलिस ने हाल ही में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस कार्रवाई में दो अभियुक्त गोली लगने से घायल भी हुए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि 25 और 26 मई की रात थाना अखण्डनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल आरोपी नेमपुर की ओर से कुन्दाभैरोपुर की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुन्दाभैरोपुर के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें संगम निवासी छितम पट्टी थाना सरपतहा जनपद जौनपुर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। वहीं हेमू उर्फ हेमचन्द्र निवासी मुस्तफाबाद थाना सरपतहा जनपद जौनपुर के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

पुलिस ने मौके से शेष दो अभियुक्तों राजू उर्फ राजीव और मुकेश पाल निवासी ग्राम पलिया थाना सरपतहा जनपद जौनपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान संगम और हेमू के पास से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर, खोखा कारतूस तथा जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 7 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सुलतानपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। साथ ही पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना अखण्डनगर में धारा 109 बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित