सुलतानपुर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की शिवगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवगढ़ पुलिस टीम ने बुधवार को 25 हजार रुपये के पुरस्कार घोषित अभियुक्त मान सिंह (42) निवासी ग्राम भिटौरा, थाना शिवगढ़ को शम्भूगंज चौराहे से कामतागंज रोड के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल को मान सिंह ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम भिटौरा निवासी जसवंत सिंह के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल जसवंत सिंह की बाद में मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में थाना शिवगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना में शामिल अन्य पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि मान सिंह वारदात के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर ने दो मई को आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके अतिरिक्त न्यायालय ने 23 मई को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था। बाद में छह जून को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा (मुनादी) की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने बताया कि नियमानुसार उद्घोषणा की कार्रवाई पूरी होने के बावजूद आरोपी न तो न्यायालय में उपस्थित हुआ और न ही पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके चलते उसके विरुद्ध धारा 85 बीएनएसएस के तहत कुर्की की कार्रवाई भी प्रचलित थी।
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शम्भूगंज चौराहे के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित