सुलतानपुर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय गोलीकांड के मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि 25 मार्च की रात कुड़वार बाजार स्थित कमला गैस एजेंसी के पास माता प्रसाद पांडेय अपने बेटे अवनीश और भाई दूधनाथ के साथ खड़े थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। घटना में माता प्रसाद पांडेय की मौत हो गई।

मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में शुक्रवार को कुड़वार पुलिस ने रमेश मौर्या और उसके पुत्र अनुराग मौर्या, दोनों निवासी रूपापुर थाना कुड़वार, को फिरोजपुर कला के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

शिकायत के अनुसार जमीन खरीद को लेकर विवाद चल रहा था। अवनीश पांडेय ने बताया कि उनके पिता ने बासी के अशोक तिवारी से जमीन खरीदी थी, जिससे रमेश मौर्या असंतुष्ट था। इसी विवाद को लेकर 25 मार्च को एक बैठक भी हुई थी, जिसमें कहासुनी के दौरान आरोपियों द्वारा धमकी दी गई थी। पुलिस मामले की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित