सुलतानपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहला हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 102.500 के पास हुआ, जहां उन्नाव जिले से आ रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। घायलों में चालक आशीष सिंह (निवासी ग्राम बिशनपुर), मनीष, उनकी लगभग 28 वर्षीय पत्नी तथा दो छोटे बच्चे शामिल हैं। हादसे में मनीष की पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एक अन्य घटना कूरेभार थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 126.2 (एलएचएस) पर हुई, जहां कानपुर से कुशीनगर फल लेकर जा रही एक डीसीएम वाहन चालक को नींद आने के कारण अनियंत्रित होकर सर्विस लेन की ओर दाहिनी तरफ पलट गई। वाहन में चालक प्रदीप कुमार (38), निवासी बर्रा-8 ई ब्लॉक, कानपुर तथा हेल्पर लवकुश पटेल सवार थे। हादसे के बाद हेल्पर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि सड़क को तत्काल साफ कर आवागमन सुचारू करा दिया गया है। वाहन को खाली कर हटाने की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद उसे गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित