सुलतानपुर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में जमीनी विवाद को लेकर एक बेटे व पोते ने अपने पिता व बाबा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर खुर्द गांव में तीन दिन पहले एक नाले के पास रामदयाल (70) का शव मिला था। तीन दिनों से लापता राम दयाल ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करता था। परिजनों ने पहले स्वयं उनकी तलाश की थी, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। बुधवार को गांव के एक डिग्री कॉलेज से लगभग 200 मीटर दूर एक सूखे नाले के पास उनका शव मिला था।
वृद्ध की हत्या में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतक के पुत्र गुड्डू यादव उर्फ राम गिरी (48) और उनका 18 वर्षीय बेटा आकाश यादव शामिल हैं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इन्हें इनके गांव से ही गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इनका पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित