सुल्तानपुर , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में अवैध आरा मशीनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक अवैध आरा मशीन को ध्वस्त कर दिया।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, जोनल प्रवर्तन दल प्रभारी रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में टीम अवैध आरा मशीनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सदर सुलतानपुर रेंज के अंतर्गत बल्दीराय विकासखंड के महादेवन गांव में बिना अनुमति के आरा मशीन संचालित होने की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच में पाया कि इजहार अहमद द्वारा बिना लाइसेंस के आरा मशीन चलाई जा रही थी। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को उखड़वाकर ध्वस्त कर दिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध आरा मशीनों के कारण जंगलों की अवैध कटाई को बढ़ावा मिलता है। इसे रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित