सुलतानपुर , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की पुलिस ने एक लूट की घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को यहां बताया कि पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में कोतवाली नगर पुलिस को यह सफलता मिली। उन्होंने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस टीम ने 26 जुलाई को दोपहर लगभग 2:55 बजे गभड़िया ओवरब्रिज के नीचे स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास से अमन कुमार निवासी नौगिरवा टिकरी, थाना कोतवाली अमेठी, जनपद अमेठी, उम्र लगभग 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
अभियुक्त के कब्जे से थाना कोतवाली नगर में लूटा गया एक बैग बरामद हुआ। इस बैग में एक मोबाइल चार्जर, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और साफिया के नाम का श्रम कार्ड था।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने 1,250 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (संख्या UP36Y4828), और अन्य लूट की घटनाओं से संबंधित दो मोबाइल फोन, दो बैग तथा अन्य सामान भी बरामद किया है। अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक द्रिवेश त्रिवेदी, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल गुप्ता और कांस्टेबल विकास सिंह शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित