सुलतानपुर , सितंबर 23 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम पत्नी के साथ बाइक से घर जा रहे एक युवक को गोली मार दी गयी। घायल का राजकीय मेडिकल कॉलेज इलाज चल रहा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की एसओजी सहित चार टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आज यहां बताया कि देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि जिले अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में एक युवक को गोली मार दी गई है। राजन (28) अपनी पत्नी करिश्मा के साथ अलीपुर बाजार से घर लौट रहे थे। प्राथमिक विद्यालय के पास दो बाइक सवारों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद राजन की पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। वे राजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखंडनगर ले गए। बेहतर इलाज के लिए सीएचसी अखंडनगर से राजन को प्राथमिक उपचार के बाद सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

श्री जायसवाल ने बताया कि राजन ने पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया है, जिनकी पकड़ के लिये पुलिस की एसओजी सहित पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। परिवार से संपर्क में है तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित