सुलतानपुर , सितंबर 25 -- मौसम विभाग द्वारा जारी एलर्ट के अनुसार 26 सितम्बर को भारी बारिश होने की सम्भावना है। इस एलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। इस आदेश को सभी बोर्डो के स्कूलों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिये हैं।

प्रशासनिक हवाले से जारी सूचनानुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के दृष्टिगत जनपद सुलतानपुर में आगामी दिनों में भारी वर्षा, गरज-चमक, वज्रपात तथा तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। शुक्रवार को दिनभर बारिश हुई है। सुलतानपुर जनपद को भी इस अवधि में प्रभावित जिलों में शामिल किया गया है।

सुलतानपुर जिलाधिकारी इंद्र जीत सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें, लेकिन किसी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास कर घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों एवं तहसील स्तर के अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जनमानस का आह्वान किया है कि अनावश्यक रूप से खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने एवं यात्रा करने से बचें। तेज बारिश एवं गरज-चमक के दौरान सुरक्षित एवं पक्के भवन में रहें। वज्रपात के समय पेड़, बिजली के खंभे, खुले मैदान एवं जलाशयों के पास न जाएं। निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों तथा नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। जलमग्न सड़कों, पुलों एवं रपटों को पार करने का प्रयास न करें। तेज हवाओं के दौरान कमजोर भवनों, कच्ची दीवारों एवं अस्थायी संरचनाओं से दूर रहें। किसान भाई खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें तथा मौसम सामान्य होने तक आवश्यक सावधानी बरतें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित