सुलतानपुर , सितम्बर 28 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में आजाद समाज सेवा समिति ने भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में संस्था के 28 सदस्यों ने रक्तदान कर शहीद ए आज़म भगत सिंह सहित देश की आजादी के लिए अपने प्राण नौछावर करने वाले समस्त शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संस्था के इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर डॉ प्रियंका वर्मा, सीएमएस डाक्टर अविनाश गुप्ता, ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर संजय कुमार सिंह व वरिष्ठ समाजसेवी करतार केशव यादव ने संयुक्त रूप से किया गया। इससे पहले संस्था अध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में नगर में प्रभात फेरी निकालकर समस्त शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर जिला पंचायत स्थित भगत सिंह की प्रतिमा के समक्ष गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष शराफत खान व उपाध्यक्ष बब्लू सिंह प्रधान, उपाध्यक्ष गिरीश तिवारी एवं रविंद्र तिवारी ने भगत सिंह व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहाकि आजादी के आंदोलन में सरदार होते हुए भी अपने बाल तक कटवा लिए उन्होंने धर्म से बढकर अपने राष्ट्र को सर्वोपरि माना।
इस मौके पर विजय यादव, दिलीप सिंह, सरदार जेपी सिंह, प्रवक्ता सर्वेश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किये और गोष्ठी में उपस्थित राजवीर श्रीवास्तव ने देश भक्ति गीत मेरा रंग दे बसंती चोला, के गीत से सबको भाव विभोर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित