सुलतानपुर , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में कुड़वार-हलियापुर मार्ग पर शनिवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें लखनऊ ले जाते समय एक युवक की भी मौत हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना में मौके पर मृतक की पहचान स्माइलपुर वल्लीपुर (कन्नौजिया) निवासी शैलेन्द्र कुमार (20)के रूप में हुई है। घायलों में इस्माइलपुर वल्लीपुर निवासी अरुण कुमार (23), व इब्राहिमपुर निवासी फैजान (21) शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्दीराय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उधर शहीम को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया था जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस दोनों वाहनों की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि एक युवक की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि दूसरे की लखनऊ ले जाते समय मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम में भेजकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित