सुलतानपुर , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में कब्रिस्तान के पास लगे बांस काटने को लेकर हुए विवाद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि कल्याणपुर गांव में कब्रिस्तान के पास लगे बांस को काटने को लेकर हुए विवाद में रामसुंदर कोरी (65) की हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में बल्दीराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 166/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 352 और 103(2) बीएनएस तथा धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद से नामजद आरोपी फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बल्दीराय थाना पुलिस ने बघौना नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर मुकदमे में वांछित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जहीर अहमद, मोबीन, इलियास और इंतिजार अहमद उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम कल्याणपुर, थाना बल्दीराय, जनपद सुलतानपुर के निवासी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित