सुलतानपुर , अगस्त 09 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में फसल सुरक्षा के दृष्टिगत अवैध रूप से लगायी गयी झटका मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिये गये है।

जिला प्रशासन पिछले कुछ दिनों में इसके करंट लगने के कारण हुई मौतों का संज्ञान लेते हुए गंभीर हो गया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने इसे खेतों से तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।

सुलतानपुर जिले के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सभी उपजिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर झटका मशीनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। इसके दृष्टिगत समस्त तहसीलों में राजस्व, पुलिस व विद्युत विभाग की संयुक्त टीम गठित कर गहन अभियान चला कर झटका मशीनों को हटवाया कर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सुलतानपुर जिले के बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर थाना अंतर्गत पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव में आज सुबह एक खेत में लगी झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से आर्यन तिवारी (16) की मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित