सुलतानपुर , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अरवल कीरी करवत गांव में सोमवार सुबह एक पूर्व प्रधान का शव घर के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अरवल कीरी करवत गांव निवासी पूर्व प्रधान हरिबंश वर्मा का शव सोमवार सुबह उनके घर के पीछे स्थित हाते में टिनशेड के नीचे बल्ली के सहारे गमछे से लटकता पाया गया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार हरिबंश वर्मा पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे। बीते छह माह से उनकी मानसिक स्थिति अधिक खराब थी, जिसके चलते उन्होंने लोगों से बातचीत और मेलजोल बंद कर दिया था।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सुनील सिंह, थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा और चौकी इंचार्ज सुनील सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित