सुलतानपुर , अक्तूबर 08 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले की थाना अखण्डनगर पुलिस ने एक मुठभेड़ में गोलीकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पैर में गोली लगने के कारण स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि बीते पांच अक्टूबर को थाना अखण्डनगर में गोलीबारी से संबंधित एक प्राथमिकी दर्ज हुई थी, जिसमें अभियुक्त मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना (24) निवासी गोदलपुर, थाना मोतिगरपुर वांछित था और उसकी की तलाश पुलिस को थी। गुरुवार भोर थाना अखण्डनगर पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना को रोकने का प्रयास किया मगर पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ/जबाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी फायर किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने वांछित अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी अखण्डनगर भर्ती कराया। जहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है और उपचार चल रहा है ।
अभियुक्त के कब्जे से अवैध देशी तमंचा एवं एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में 04 अभियोग पंजीकृत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित