सुलतानपुर , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की अखंडनगर पुलिस ने शुक्रवार भोर एक सशस्त्र मुठभेड़ में पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग पांच करोड़ रुपये कीमत की 1.8 किलोग्राम अवैध मॉर्फिन बरामद की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस दल ने सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी की। सुबह करीब 4:30 बजे दो कार आती दिखाई दी, जिसको पुलिस ने रोकने का प्रयास किया मगर बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करना चालू कर दिया। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश खुर्शीद आलम और प्रशांत सिंह घायल हो गए। दोनों के कब्जे से तमंचे, खोखा कारतूस व जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इनके तीन साथी रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति व रामबाबू भी पकड़े गए हैं, जिनके कब्जे से दोनों गाड़ियों से करीब 1 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पाउडर बरामद हुआ है।
पुलिस की पूंछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि यह पदार्थ मॉर्फिन है। इसे ओडिशा से तस्करी करके लाते हैं तथा यूपी के कई जनपदों में कई रास्तों से जाकर डिलीवर करते हैं। उसी कार्य के लिए आज जा रहे थे। दोनों घायल बदमाशों को अखंडनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर उपचार कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। मादक पदार्थ की मार्केट वैल्यू करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित