सुलतानपुर , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में खनन माफियाओं द्वारा राजस्व विभाग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस टीम ने बुधवार की सुबह दो स्थानों पर बदमाशो से मुड़भेड़ में दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इनके कब्जे से पिस्टल, तमंचा, स्कॉर्पियो, थार बरामद किया है तथा 3 डंपर, 2 ट्रैक्टर सीज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आज यहां बताया कि बीते 2 नवंबर की रात्रि नगर कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत चौकी गोड़वा रामनगर इमिलियां गांव में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के साथ अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों ने मारपीट की थी, जिसके सम्बन्ध में थाना कोतवाली नगर सुलतानपुर में गंभीर धाराओं में 02 अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही जारी थी।
इसके कार्यवाही के क्रम में पुलिस टीम की पहली मुठभेड़ सुबह 5 बजे कोतवाली नगर के खैचला में हुई। जहां पुलिस ने राहुल सिंह, नौशाद और मनोज सिंह को गिरफ्तार किया। राहुल सिंह के पैर में गोली लगी। राहुल सिंह अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर का रहने वाला है। वहीं नौशाद प्रतापपुर, थाना बंधुआकला का निवासी है। जबकि मनोज सिंह रवनिया, थाना करौंदीकला में रहता है। पुलिस ने इनके पास से .32 बोर की एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्कॉर्पियो कार जब्त की है। राहुल सिंह के खिलाफ सुलतानपुर जिले के अलग-अलग थानों में 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल किए गए चार डंपर भी मिलने की बात कही है।
पुलिस टीम की दूसरी मुठभेड़ सुबह करीब 8:45 बजे अखंडनगर थाना क्षेत्र में हुई जहां गोली लगने से दो वांछित आरोपी घायल हुए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान संदीप सिंह और प्रशान्त सिंह के रूप में की है। संदीप सिंह अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर का निवासी है। संदीप सिंह के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं। प्रशान्त सिंह नकाहा महमूदपुर, थाना गोसाईगंज का रहने वाला है। दोनों कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में खनन और राजस्व टीम पर हमले के मामले में वांछित थे। मौके से .315 बोर का एक देशी तमंचा, .12 बोर का एक देशी तमंचा, दोनों बोर के एक-एक जिंदा कारतूस, एक-एक खोखा कारतूस व एक काली थार कार जब्त किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित