सुलतानपुर , जून 29 -- उत्तर-प्रदेश के सुलतानपुर जिले में समाजवादी पार्टी के सांसद के समर्थकों द्वारा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अतिथि गृह के चौकीदार से ताला खोलने को लेकर की गयी मारपीट मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो वाहन बरामद किया है।
सुलतानपुर नगर के क्षेत्राधिकारी सौरभ सामन्त ने सोमवार को यहां बताया कि बीते 27 जून को कोतवाली नगर स्थित पीडब्ल्यूडी के अतिथि गृह के कर्मचारी के साथ कुछ व्यक्तियों ने मारपीट की थी, जिसमें कोतवाली नगर थाना में मुकदमा अपराध संख्या 353/26 पंजीकृत किया गया था। विवेचना के क्रम में आज तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान अमन निषाद, दिलशाद अहमद और आलोक यादव के तौर पर हुई है। इन अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126, 135, 170 के तहत कार्रवाई की जा रही है। उल्लेनीय है कि शनिवार को जिले के सांसद राम भुवाल निषाद जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेने आए थे। वह पीडब्ल्यूडी के अतिथि गृह में रुके थे। उनके जाने के बाद उनके समर्थको ने गेस्ट हाउस के चौकीदार से वीआईपी रूम खोलने को कहा, जिस पर उसने अनुमति मांगते हुए ताला नहीं खोला। इससे नाराज समर्थक सपा कार्यकर्ताओं ने चौकीदार सीताराम दौड़ा कर पीटा था। चौकीदार की तहरीर पर सपा कार्यकर्ता आलोक यादव समेत 20 नामजद पर केस दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित