सुलतानपुर , जुलाई 17 -- उत्तर-प्रदेश में सुलतानपुर जिले की पुलिस ने कुड़वार थाना क्षेत्र में अवैध असलहा तस्करी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, दो कट्टे, आठ जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत कुड़वार पुलिस ने शुक्रवार को शाम मुखबिर की सूचना पर देवराम का पुरवा मजरा रवनिया पूरब क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित यादव (24) निवासी पलिया सरकौड़ा, थाना कुड़वार और अभिषेक पाण्डेय (23) निवासी सरैया पूरे विसेन, थाना कुड़वार, स्थायी पता- जुडूपुर, थाना बंधुआकलां के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से एक .32 बोर की पिस्टल, दो 12 बोर के कट्टे, .32 बोर के चार और 12 बोर के चार सहित कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद कर एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करते हैं। बरामद असलहों को बेचने के उद्देश्य से वे सुलतानपुर शहर आ रहे थे।
पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके दो साथी कामरान और आकाश मिश्रा मौके से फरार हो गए। कामरान के पास दो .315 बोर के कट्टे और आकाश मिश्रा के पास एक .315 बोर का कट्टा तथा एक बड़ी नाल वाली .315 बोर की अद्धी थी। पुलिस ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है और उनकी तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित