सुलतानपुर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के लम्भुआ क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे का शिकार हुयी एक एसयूवी से पुलिस ने छह किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि लम्भुआ थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी हाईवे स्थित वंदना ढाबा के पास एक एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा से आ रही इनोवा से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ भेजा। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी की तलाशी के दौरान वाहन के भीतर गांजे की तेज गंध महसूस हुई। सघन जांच में पीले और हरे रंग के बंडलों से कुल छह किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से पूछताछ की, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से पूछताछ और तकनीकी माध्यमों से आपराधिक इतिहास खंगालने पर तस्करी का खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष यादव उर्फ ईशू (22), निवासी राजाजीपुरम, लखनऊ तथा अभिषेक अग्निहोत्री (20), निवासी न्यू पारा कॉलोनी, लखनऊ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी हर्ष यादव ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से उक्त वाहन का उपयोग तस्करी के लिए कर रहा था। उसके विरुद्ध पहले भी लखनऊ के तालकटोरा थाने में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित