सुलतानपुर , सितम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक तालाब में तीन दिन से लापता युवक का शव उतराता मिला।

मृतक की पहचान मीरपुर प्रतापपुर गांव निवासी 20 साल के गौरव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों ने बताया कि गौरव मंगलवार रात अपने घर से निकला था। इसके बाद से वह लापता था। गुरुवार को गांव के कुछ लोग तालाब में मछली पकड़ने गए थे। तभी उन्हें पानी में एक शव उतराता दिखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक तालाब में कैसे पहुंचा पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित