सुलतानपुर , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के हलियापुर थानाक्षेत्र अंतर्गत हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर बहुरावा बाजार के आगे पुलिया के पास शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार डम्पर की चपेट में आने से बाइक सवार बिजली कर्मी की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र के पाठक का पुरवा मजरे निमड़ी निवासी रमाशंकर (35) प्रतापगढ़ के मांधाता फीडर पर बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्य करता है। शनिवार को ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से अपने घर अयोध्या लौट रहा था। रमाशंकर बल्दीराय थाना क्षेत्र के बहुरावा बाजार के आगे पुलिया के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार डम्पर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रमाशंकर सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची भाजपा नेत्री बबिता तिवारी ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई। घायल की सांसें चल रही थी लेकिन एम्बुलेंस के पहुंचने तक रमाशंकर दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को सीएचसी लेकर गई और परिजनों को सूचना दी। एसओ महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिवार वालों से शिकायत लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित