सुलतानपुर , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी गांव के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में मोटर साइकिल सवार प्रतापगढ़ जनपद के शिवपुर, कौहड़ौर निवासी प्रशांत कुमार (20) की मौत हो गई जबकि साथी राज कमल (18) और शशांक (18) घायल हो गए हैं, ये दोनों भी शिवपुर, कौहड़ौर, प्रतापगढ़ के निवासी हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
इस लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने घायल युवकों को मालवाहक ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस दुर्घटना करने वाले ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित