सुलतानपुर , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक के भीतर से चालक का शव बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि प्रयागराज के हरिसेनगंज निवासी ट्रक मालिक संजय खत्री ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनका ट्रक बहराइच से लौट रहा था, लेकिन चालक से संपर्क नहीं हो पा रहा था। जीपीएस के माध्यम से ट्रक की लोकेशन सुलतानपुर क्षेत्र में मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि 400 केवी पावर हाउस (गेट नंबर-3) के पास खड़े ट्रक की जांच के दौरान चालक नॉन-ड्राइवर सीट पर पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे और काफी खून बह चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान प्रयागराज निवासी 25 वर्षीय प्रदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक के पास मौजूद नकदी लूट ली गई है। हालांकि उसका मोबाइल फोन ट्रक में ही मिला है। पुलिस टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित