सुलतानपुर , जून 15 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में गोमती नदी में नहाने के दौरान तीन किशोर डूब गए। इस हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है। तीसरे किशोर की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान कादीपुर क्षेत्र के बनकेपुर निवासी मुकुल मिश्रा (18) के रूप में हुई है। मुकुल, अतुल तिवारी के बुआ के पुत्र थे। गंभीर रूप से घायल अतुल तिवारी (16) मुकुल के मामा के पुत्र हैं। चिकित्सकों ने अतुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से उसे लखनऊ रेफर कर दिया है।
बताया गया कि अतुल तिवारी के दादा का पांच दिन पूर्व निधन हो गया था, जिसके चलते रिश्तेदार उनके घर आए हुए थे। सोमवार शाम अतुल तिवारी, मुकुल मिश्रा और उनके कुछ साथी कोतवाली देहात क्षेत्र के बभनगंवा चचेरिया घाट पर गोमती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल नदी में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दो किशोरों को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदैया पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने मुकुल मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अतुल तिवारी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पहले जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार सुशील का पुत्र भी इस घटना में डूब गया था, लेकिन समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित