सुलतानपुर , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के चांदा कोतवाली क्षेत्र स्थित शाहपुर जंगल के गौरी शंकर धाम पर मंगलवार को गोमती नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गोताखोरों ने नदी में डूब रहे एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान आस मोहम्मद (21) निवासी इंदौली के रूप में हुई है। वह अपने कुछ मित्रों के साथ गौरी शंकर धाम घूमने आया था। भीषण गर्मी के बीच राहत पाने के लिए वह गोमती नदी में नहाने उतरा था। बताया गया कि आस मोहम्मद का एक मित्र नदी में वीडियो बना रहा था और इसी दौरान वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। दोस्त को बचाने के प्रयास में आस मोहम्मद भी गहरे पानी में चला गया और खुद डूब गया।
घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने आस मोहम्मद को नदी से बाहर निकाला। इसी दौरान नदी में डूब रहे एक बच्चे को भी सुरक्षित बचा लिया गया। बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर चांदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने आस मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित