सुलतानपुर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में परिवहन विभाग ने अवैध रूप से संचालित बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए चार बसों को सीज कर दिया, जबकि 24 बसों समेत अन्य वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) भूपेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ बस संचालक ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (एआईटीपी) का दुरुपयोग करते हुए 'रेड बस', 'मेक माई ट्रिप', 'अभि बस', 'पेटीएम' और 'ईज माई ट्रिप' जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के माध्यम से सीटवार बुकिंग कर रहे हैं। ये बसें टूरिस्ट परमिट होने के बावजूद नियमों के विपरीत सामान्य यात्री बसों (स्टेज कैरिज) की तरह संचालित की जा रही थीं।
शिकायतों के आधार पर परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया। यह अभियान लोहरामऊ बाईपास, पयागीपुर चौराहा, अमहट चौराहा, गुप्तारगंज तथा सेमरी रोड क्षेत्रों में केंद्रित रहा।
जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चार बसों को तत्काल प्रभाव से निरुद्ध (सीज) कर दिया गया। इसके अलावा 24 बसों के चालान किए गए। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमावली के उल्लंघन के मामलों में 15 अन्य वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया। बस चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में परामर्श दिया गया। वहीं, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन संचालित करने वालों को रोककर काउंसलिंग की गई तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
इस अभियान में यात्री एवं मालकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार तिवारी, यातायात निरीक्षक राम निरंजन तथा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) सुरेश चंद्र यादव सहित परिवहन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित