सुलतानपुर , सितंबर 09 -- उत्तर-प्रदेश के सुलतानपुर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए बुधवार को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता संघ भवन में मतदान हुआ। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में 1,853 वकीलों ने वोट डाले। चुनाव में कुल 2,080 अधिवक्ता मतदाता थे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष और महासचिव समेत विभिन्न पदों के लिए 63 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। मतगणना गुरुवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी। मतदान के दौरान कोर्ट परिसर में काफी गहमागहमी रही। बुजुर्ग से लेकर युवा वकीलों में उत्साह देखा गया। प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटरों को अंतिम समय तक रिझाने की कोशिश करते रहे। चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दुबे ने बताया कि मतदान के लिए छह बूथ बनाए गए थे। सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान पूरा हुआ।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद के लिए अखिलेश शुक्ल, शारदा प्रसाद मिश्र, हेमंत मिश्र, ज्ञान प्रकाश तिवारी, बद्री प्रसाद पांडेय, राजकुमार सिंह, सभाजीत सिंह, अमरनाथ यादव, ध्रुवराज सिंह, विजय श्रीवास्तव, तेज बहादुर सिंह, करुणा शंकर दुबे, राजेंद्र प्रताप सिंह, रवींद्र प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह, जय प्रकाश सिंह और जय प्रसाद तिवारी ने चुनाव लड़ा।

महासचिव पद के लिए रोहित अवस्थी, जयंत मिश्र, सूर्यनाथ यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, रवि प्रकाश पांडेय, मदन तिवारी, राकेश पांडेय, आनंद पांडेय, कपिल पांडेय, जयंत सिंह, देवी प्रसाद अग्रवाल, गिरिजा प्रसाद श्रीवास्तव और व्यास नारायण दुबे ने अपनी किस्मत आजमाई।

इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सह सचिव खुर्शीद क्लब, प्रशासन व पुस्तकालय के साथ ही वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी के पदों पर भी प्रत्याशी चुनाव लड़े हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार, उपाध्यक्ष, सह सचिव प्रशासन, ट्रेजरार और वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकारिणी में महिलाओं के लिए एक-एक पद आरक्षित किया गया था।

ट्रेजरार पद पर शशि सिंह और वरिष्ठ कार्यकारिणी के लिए सरोज सिंह निर्विरोध चुनी गई हैं। बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना 10 सितंबर को होगी। 11 सितंबर को साधारण सभा की बैठक में विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित