सुलतानपुर , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना अंतर्गत नरसिंहपुर में शारदा सहायक नहर में बुधवार एक अज्ञात महिला व एक नवजात शिशु का शव मिला। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवा कर पहचान कराया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शव की पहचान जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के बिही निदूरा गांव निवासी मनीषा (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बीते 6 सितंबर को व पति के साथ आधार कार्ड बनवाने के लिए निकली थी। उसने पति से बाजार में समोसा लाने को कहा और उसके जाते ही वह लापता हो गई। आस पास के लोगों ने बताया कि महिला को नहर की तरफ जाते हुए देखा गया है। इसके बाद पति ने डायल 112 और थाने की पुलिस को सूचना दिया। जिसके बाद पुलिस ने तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पति ने थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराया। और अब आज उसका शव नहर में मिला पानी में होने के कारण उसका पेट फटा और गर्भ में पल रहा बच्चा पेट से बाहर आ गया।
मनीषा के पिता जगजीवन (55), जो गांव में मजदूरी करते हैं। उनकी मां राजकुमारी (50) हैं। मनीषा के दो भाई और तीन बहनें हैं। बहनों में निशा (26), मनीषा (24) और अनीसा (16) अविवाहित हैं। भाइयों में अमित (20) और अजीत (19) गुड़गांव-दिल्ली में मजदूरी करते हैं।
मनीषा के भाई ने पुलिस से कहा कि उन्हें इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करनी है। उधर सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम में भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित