सुलतानपुर , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के नगर क्षेत्र में नगर पालिका परिषद की ओर से 12 जुलाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत वृहद पौधरोपण अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र के 28 चिन्हित स्थलों पर लगभग 13,500 फलदार, फूलदार एवं औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।
सुलतानपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को यहां बताया कि नगर पालिका परिषद की ओर से 12 जुलाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत वृहद पौधरोपण अभियान शुरू किया जाएगा। गुरुवार को उनकी अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में एक बैठक हुई, जिसमें सभासदों, अधिशासी अधिकारी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों, पटरियों तथा विभिन्न वार्डों में रिक्त स्थलों का चिन्हांकन कर लिया गया है। पौधरोपण के लिए आवश्यक पौधे, ट्री-गार्ड सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अभियान में सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका वर्ष 2023 से अब तक करीब 16,500 पौधे लगा चुकी है। इन पौधों के संरक्षण एवं देखभाल के लिए 12 अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिन्हें अभियान के दौरान आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देने वाली प्रेरणादायक पहल है। प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम पर लगाए और उसकी परिवार के सदस्य की तरह देखभाल करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
बैठक में अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सभासद रमेश सिंह टिन्नू, रणजीत सिंह संत, अखिलेश मिश्र, मोहम्मद जाहिद, संजय कप्तान, गिरीश कुमार मिश्र, अफजल अंसारी, प्रवीण मिश्र, अरविंद यादव, रेनू सिंह, दिनेश चौरसिया, अरुण तिवारी, रवि अग्रहरि, प्रदीप जायसवाल सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित