सुलतानपुर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में सुलतानपुर के मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश मेरिट सूची में स्थान बनाया है, जिससे जिले में खुशी का माहौल है।
सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज, कादीपुर के छात्र आदित्य भूषण पांडेय ने जिले में पहला तथा प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया, जबकि इसी विद्यालय की प्रत्युषा मिश्रा ने जिले में तीसरा और प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं राम दुलारी शारदा प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज, मझवारा की छात्रा दीपांशी ने जिले में दूसरा और प्रदेश में आठवां स्थान पाया।
आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और स्वाध्याय को देते हुए भविष्य में यूपीएससी के माध्यम से देश सेवा का लक्ष्य बताया। प्रत्युषा ने भी नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता का आधार बताते हुए आईएएस बनने की इच्छा जताई। वहीं दीपांशी ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की और सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य रखा। जिले के मेधावियों की इस सफलता पर शिक्षा विभाग और समाज के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित