शिमला , जुलाई 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हिमाचल प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार राम सुभाग सिंह को तीसरी बार सेवा विस्तार देने के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इस कदम से कामकाज की पारदर्शिता और सुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
श्री कश्यप ने यहां जारी एक बयान में पूछा कि सरकार आखिर क्यों बार-बार एक ही अधिकारी का कार्यकाल बढ़ा रही है और क्या इस फैसले के पीछे कोई खास मजबूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मिल रहे सेवा विस्तार से लोगों के मन में शक पैदा हो रहा है, इसलिए सरकार को खुलकर बताना चाहिए कि ऐसा करना क्यों जरूरी था।
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय पर पहले से ही भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं और ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री के इतने करीबी सलाहकार का कार्यकाल बार-बार बढ़ाना चिंता पैदा करता है। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या इस पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए प्रदेश में कोई दूसरा योग्य अधिकारी मौजूद नहीं है।
श्री कश्यप ने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार पारदर्शी शासन और 'व्यवस्था परिवर्तन' का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब नियुक्तियों और अधिकारियों का कार्यकाल बढ़ाने जैसे कई प्रशासनिक फैसलों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार सरकारी तंत्र को मजबूत बनाने के बजाय सिर्फ कुछ गिने-चुने लोगों के भरोसे काम चला रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित