जालंधर , अक्टूबर 02 -- पंजाब सरकार के सचिव और जालंधर के पूर्व उपायुक्त कमल किशोर यादव ने शुक्रवार कोकहा कि सुरजीत हॉकी सोसायटी पिछले कई दशकों से हॉकी के प्रचार-प्रसार और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

युवा हॉकी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने वाले और सुरजीत हॉकी सोसायटी के महासचिव सुरिंदर सिंह भापा ने शुक्रवार को कमल किशोर यादव से मुलाकात की। श्री यादव वर्ष 2014 से 2017 तक सुरजीत हॉकी सोसायटी के सोलहवें अध्यक्ष भी रहे हैं।

भापा के अनुसार, बैठक में तैंतालिस इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट को और सफल एवं यादगार बनाने, इसकी व्यवस्थाओं में सुधार तथा हॉकी के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। युवा और उभरते खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया।

श्री यादव ने सोसायटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट ने भारतीय हॉकी में अपनी अलग पहचान बनायी है और उभरते खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया है। उन्होंने सोसायटी द्वारा संचालित सुरजीत हॉकी अकादमी के कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अकादमी में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। सोसायटी की अनुभवी और मेहनती टीम के प्रयासों से प्रशिक्षित कई खिलाड़ी विभिन्न हॉकी अकादमियों, स्कूलों और कॉलेजों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि सोसायटी का योगदान केवल हॉकी टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह युवाओं को खेलों से जोड़ने, नयी हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने और हॉकी की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित