दरभंगा , अक्टूबर 30 -- ुरक्षित बचपन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा अजय कुमार शर्मा ने शुक्रवार को न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि हर बच्चे का बचपन सुरक्षित रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यालयों तक भी अभियान का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पैनल अधिवक्ताओं एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) को जागरूकता रथ के साथ भेजा जा रहा है।

प्रधान जिला जज ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा के उपायों तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने कहा कि बच्चों को यह जानकारी होना जरूरी है कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा असुरक्षित व्यवहार की स्थिति में वे चुप न रहें, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। बच्चों को उनकी उम्र के अनुरूप व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से इसे प्रभावी ढंग से संचालित करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित