देहरादून/पौड़ी गढ़वाल , अप्रैल 20 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से यात्रा मार्गों के साथ-साथ लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा घाटों के किनारे चिन्हित खतरनाक घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी साइन बोर्ड एवं जन-जागरूकता बोर्ड स्थापित किए जा रहे हैं।

जनपद पौड़ी के पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि स्थानीय पुलिस टीम लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर ऐसे जोखिमपूर्ण स्थानों एवं सड़क मार्गों की पहचान कर रही है, जहाँ यात्रियों को विशेष सतर्कता आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि चिन्हित स्थलों पर स्पष्ट एवं प्रभावी संदेशों वाले साइन बोर्ड लगाकर यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को संभावित खतरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पुलिस टीम द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को गंगा घाटों पर सावधानी बरतने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने को प्रेरित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित