बाबा बकाला साहिब अमृतसर , अगस्त 28 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने रक्खड़ पुन्निया के अवसर पर शुक्रवार को बाबा बकाला साहिब में आयोजित भाजपा रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित, विकसित तथा नशा और माफिया मुक्त पंजाब बनाना पार्टी की प्राथमिकता है।

श्री चुघ ने कहा कि भाजपा पंजाब की आस्था, किसानों की मेहनत, युवाओं के भविष्य, महिलाओं और बेटियों के सम्मान तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि माझा केवल पंजाब की शान नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा की महत्वपूर्ण ढाल भी है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और रोजगार की सुविधाओं का विस्तार भाजपा की प्राथमिकता होगी।उन्होंने सीमा पार से होने वाली नशे और हथियारों की तस्करी पर भी कड़ा प्रहार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाब की राजनीति को अब विज्ञापनों और घोषणाओं के बजाय नीयत, नीति और जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों के आधार पर परखने का समय आ गया है।

आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आप ने पंजाब की जनता और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ा है और आम लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने राज्य में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती के परिणाम को लेकर उठे सवालों का जिक्र किया और कहा कि भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से युवाओं के विश्वास को चोट पहुंची है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवारों के मेहनती युवाओं को बिना किसी सिफारिश या पैसे के पारदर्शी और निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए।

श्री चुघ ने भाजपा शासित राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकारें बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार देने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने हरियाणा में दो लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दिए जाने का दावा किया और कहा कि भाजपा सरकारों में सामान्य परिवारों के युवाओं को बराबरी का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं और कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश में विकास की नयी कहानी लिख रही है। उन्होंने पंजाब में भी भाजपा के डबल इंजन मॉडल को लागू करने की जरूरत बतायी।

उन्होंने हरियाणा में पात्र परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकारें अपने संकल्पों को जमीन पर उतारने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई, युवाओं के रोजगार और मरीजों के इलाज सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा सरकारें योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब वादों और विज्ञापनों की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है। प्रदेश को ऐसी सरकार चाहिए जिसकी नीयत साफ, नीति स्पष्ट और परिणाम जमीन पर दिखाई दें। उन्होंने कहा कि बाबा बकाला साहिब की पवित्र भूमि से भाजपा का संकल्प स्पष्ट है कि पंजाब की सुरक्षा और विकास को साथ लेकर प्रदेश को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लिए पार्टी पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित