सहारनपुर , जून 25 -- सहारनपुर जिले में संभावित हादसों की रोकथाम तथा विभिन्न संस्थानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति का गठन किया है।

सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि गठित समिति जनपद के विभिन्न संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित होने तक यह अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि किसी भी भवन के भूतल पर केवल एक निकासी द्वार होना आपात स्थिति में गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। आग अथवा अन्य दुर्घटना की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना मुश्किल हो जाता है। ऐसे मामलों में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

निरीक्षण समिति में सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग तथा अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।

प्रशासन के अनुसार जांच अभियान के दायरे में कोचिंग संस्थानों के अलावा शॉपिंग मॉल, अस्पताल, नर्सिंग होम तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी शामिल रहेंगे। तहसील स्तर पर भी इसी प्रकार की समितियां गठित कर निरीक्षण कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक छह कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 तक जनपद में 210 कोचिंग सेंटर पंजीकृत थे, लेकिन इनमें से केवल 13 संस्थानों ने निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अपना नवीनीकरण कराया है। शेष संस्थानों की जांच की जा रही है।

जिला अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने कहा कि अग्निशमन विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करते समय सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में ओवरहेड वाटर टैंक से संबंधित तकनीकी कमियों को दूर करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है, जबकि निजी अस्पतालों और नर्सिंग होमों का भी गहन निरीक्षण कराया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित