इम्फाल , मार्च 09 -- सुरक्षा बलों ने रविवार को मणिपुर के सीमावर्ती शहर मोरे के एक होटल में छापेमारी कर नशीली दवाओं के तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया ।
मोरे म्यांमार से सटा हुआ इलाका है और यहाँ बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधियों की खबरें आती रहती हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की आवाजाही और उन्हें छिपाये जाने की पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर की गयी थी।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान लेटमिनलुन खोंगसाई, जामगौलेन हाओकिप और देईखोलाम चोंगलोई के रूप में हुई है।
तलाशी अभियान के दौरान, सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री और अन्य सामान बरामद किया। जब्त किये गये सामान में 2.3 किलोग्राम 'डब्ल्यू वाई' टैबलेट, 2,00,200 रुपये नकद, सोने के दो पेंडेंट, तीन मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड शामिल हैं।
अभियान के दौरान एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है। अधिकारियों को संदेह है कि इस वाहन का उपयोग नशीले पदार्थों के परिवहन के लिए किया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित