नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं और विशेष जानकारी का हवाला देते हुए पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस फैसले के बाद गायक के बहुप्रतीक्षित 'ऑरा इंडिया टूर' के दिल्ली चरण के आयोजन पर अनिश्चितता के बादल मंडरा गए हैं।

पुलिस ने इसके पीछे त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था की व्यस्तताओं और अन्य सुरक्षा संबंधी विचारों का भी हवाला दिया है। दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय ने टिकटिंग प्लेटफॉर्म 'बुक माई शो' को भेजे गए एक पत्र में बताया गया कि कॉन्सर्ट आयोजित करने के आवेदन की समीक्षा की गई थी, लेकिन वर्तमान सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती।

इस दिल्ली शो की तारीख में पहले ही बदलाव किया गया था। यह पहले एक नवंबर को होने वाला था और बाद में इसे बदलकर 30 अक्टूबर कर दिया गया था। बुक माय शो, ने पहले संकेत दिया था कि मूल तारीख के लिए खरीदे गए टिकट बदलाव के बाद भी वैध रहेंगे। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक आयोजकों या गायक की टीम की ओर से दिल्ली शो के लिए किसी नई व्यवस्था की घोषणा नहीं की गई थी। यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि टिकट धारकों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा और क्या कॉन्सर्ट को रीशेड्यूल किया जाएगा या रद्द किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित