मुंबई , मई 31 -- भारतीय संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का रविवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 89 वर्ष थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि सुमन कल्याणपुर के निधन से भारतीय संगीत जगत की एक मधुर, सुरमयी और भावपूर्ण आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। उन्होंने कहा कि छह दशकों से अधिक समय तक सुमनजी ने अपनी अनुपम गायकी से संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया। मराठी, हिन्दी, बांग्ला, ओड़िया समेत अनेक भाषाओं में गाए गए उनके अमर गीत संगीत जगत की अमूल्य धरोहर हैं।
उन्होंने कहा कि पद्म भूषण से सम्मानित सुमनजी ने अपनी जादुई आवाज से भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनके गीतों की मिठास और भावपूर्ण अभिव्यक्ति सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगी। श्री फडणवीस ने कहा कि उनका निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सुमनजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित